भोपाल: मानसरोवर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के डेंटल और आयुर्वेदिक महाविद्यालयों में ग्रेजुएशन डे सेरेमनी का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन हॉल (मिंटो हॉल) में किया गया। इस दौरान 258 विद्यार्थियों को उपाधि भेंट की गई, वहीं भावी डॉक्टर्स ने चरक शपथ के साथ ही समाज सेवा का भी प्रण लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष माननीय नरेंद्र सिंह तोमर जी, विशिष्ट अतिथि हुजूर विधायक माननीय रामेश्वर शर्मा जी, आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय जी सहित मानसरोवर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स की कुलाधिपति श्रीमती मंजुला तिवारी, प्रतिकुलाधिपति इंजी. गौरव तिवारी ने मंचासीन संस्थान प्रमुखों सहित दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। जिसके बाद मानसरोवर के प्रो-चांसलर डॉ. अरुण कुमार पाण्डेय, आयुर्वेद संचालक डॉ. बाबुल ताम्रकार, कुलगुरु डॉ. ए. एस. यादव, और डेंटल प्राचार्य डॉ. गुरुदत्त नायक, श्री साईं इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदिक रिसर्च एंड मेडिसिन की प्राचार्या डॉ. मनीषा राठी आदि की गरिमामयी उपस्थिति में मानसरोवर आयुर्वेदिक कॉलेज हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर के प्राचार्य डॉ. अनुराग सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों को चरक शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने नवीन चिकित्सकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि जीवन को सार्थक बनाना है तो सेवा और समर्थन का भाव रखें। यदि आप अपने कृतित्व के प्रति गंभीर हैं तो परिणाम निश्चित ही बेहतर मिलेंगे। हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा जी ने कहा कि भारतीय चिकित्सा पद्धति लोक कल्याणकारी है। उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्ति ईश्वर और गुरु के बाद चिकित्सकों पर सबसे ज्यादा विश्वास करता है। देश सेवा का भाव रखते हुए इस विश्वास को जीवित रखना। आरोग्य भारती के संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय ने कहा कि टीचिंग, प्रीचिंग और मेडिकल ये तीनों विषय सेवा के हैं। अन्य क्षेत्रों में सेवा का भाव भले ही कम हो गया है लेकिन चिकित्सा के क्षेत्र में सेवा का भाव आज भी जीवित है। इससे पहले मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी के प्रतिकुलाधिपति गौरव तिवारी ने अतिथियों के लिए स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए कहा कि आज का दिन मानसरोवर परिवार के लिए ऐतिहासिक दिन है।
कार्यक्रम के अंत में मानसरोवर समूह के आयुर्वेद संचालक डॉ. बाबुल ताम्रकर द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी के प्रो-वाइस चांसलर कर्नल एच. आर. रूहील और चीफ एडमिन ऑफिसर सचिन कुमार जैन के निर्देशन में किया गया। इस दौरान सभी कॉलेज के डीन, प्राचार्य, एचओडी सहित विद्यार्थी और अभिभावकगण उपस्थित रहे।

