श्योपुर। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर वन्यजीव प्रेमियों के लिए शानदार खबर सामने आई है। मादा चीता गामिनी ने तीन नहीं बल्कि चार शावकों को जन्म दिया है। बताया जा रहा है कि चौथे शावक का जन्म कुछ दिन पहले ही हो गया था, लेकिन गहन मॉनिटरिंग के बाद करीब दस दिन में इसकी आधिकारिक पुष्टि हो सकी। इस नए जन्म के साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 39 हो गई है।
केंद्रीय वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि कूनो नेशनल पार्क में फील्ड और वेटेरिनरी टीमों की सतत निगरानी के दौरान चौथे शावक की मौजूदगी की पुष्टि हुई है और चारों शावक फिलहाल स्वस्थ हैं।
मंत्री ने इसे प्रोजेक्ट चीता के तहत वैज्ञानिक प्रबंधन और संरक्षण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का मजबूत उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह भारत में चीतों की वापसी की यात्रा में एक और सकारात्मक कदम है। खास बात यह है कि मौजूदा 39 चीतों में से 28 शावक भारत में ही जन्मे हैं, जो इस महत्वाकांक्षी संरक्षण अभियान की सफलता को दर्शाता है।

