लालच बना जिंदगी का काल, बेटे ने गोली मारकर पिता को सुलाया मौत की नींद, जानिए पूत से कपूत बनने की पूरी कहानी

एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां संपत्ति के लालच में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव जलालपुर पनवारा का बताया जा रहा है, जहां रहने वाला सौरभ पाल अपने पिता नरेंद्र पाल पर संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बना रहा था। इसके साथ ही वह ऑटो की किस्त चुकाने के लिए 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था। संपत्ति और पैसों को लेकर आए दिन पिता और बेटे के बीच झगड़े होते थे और इसी तनाव के बीच एक दिन सौरभ ने अपने पिता को गोली मार दी।

घटना के बाद परिवार के लोग घायल नरेंद्र पाल को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें सौरभ जाते हुए नजर आया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को तलाश कर हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने पिता की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *