लालच में गवां दी कमाई, रिटायर टीआई से 14 लाख से ज्यादा की ठगी, फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप का खेल

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक रिटायर टीआई को 14 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी का शिकार बना लिया गया। ठगों ने ट्रेडिंग कंपनी के नाम से मिलता-जुलता एक फर्जी ग्रुप तैयार किया और मोटे मुनाफे का लालच देकर पूरी रकम ऐंठ ली।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। ठगों ने रिटायर पुलिस अधिकारी कोमल दियावार को अपने ग्रुप में जोड़कर उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश का झांसा दिया। शुरुआत में मुनाफे के सपने दिखाए गए और भरोसा जीतने के बाद अलग-अलग खातों में करीब 14 लाख रुपए डलवा लिए गए। जब अचानक वह ग्रुप बंद हो गया और संपर्क टूट गया, तब ठगी का एहसास हुआ।

इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि फर्जी ट्रेडिंग कंपनी बनाकर करीब 14 लाख रुपए निवेश करवाए गए हैं। फिलहाल अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि ऑनलाइन निवेश के नाम पर मिलने वाले बड़े मुनाफे के झांसे से सतर्क रहें, क्योंकि ठग अब हर वर्ग को निशाना बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *