लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आशा वर्कर्स को लेकर भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने आशा बहनों से जो वादे किए थे, उन्हें आज तक पूरा नहीं किया गया, जिससे उनके बीच निराशा और गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि जब शासन और प्रशासन गलत और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर आशा बहनों को नीचा दिखाता है और उनका अपमान करता है, तो यही अपमान धीरे-धीरे आक्रोश में बदल जाता है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा सरकार ने आशा वर्कर्स से किया गया एक भी वादा पूरा नहीं किया। वादाखिलाफी के साथ-साथ जब सरकार और प्रशासन दोनों मिलकर आशा बहनों के सम्मान को ठेस पहुंचाते हैं, तो उनका गुस्सा स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि आशा वर्कर्स के प्रति असंवेदनशील रवैया सरकार की सोच को उजागर करता है।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जब भाजपाई यह कहते हैं कि आशा वर्कर अपने पतियों को बैठाकर खिलाती हैं, तो यह बयान खुद भाजपा शासन की नाकामी को दर्शाता है। इसका सीधा मतलब है कि भाजपा राज में बेरोजगारी इतनी बढ़ गई है कि आशा वर्करों के परिवारों में काम करने वाला कोई नहीं बचा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को आशा बहनों का सम्मान करने और उनके वादों को पूरा करने के बजाय उन्हें अपमानित करने की राजनीति से बाज आना चाहिए।

