इंदौर दूषित पानी से मौत के बाद ग्वालियर निगम एक्टिव, 140 शिकायतों से हड़कंप, ट्यूबवेल सफाई और कंट्रोल रूम शुरू

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद अब ग्वालियर नगर निगम भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शहर के कई इलाकों से गंदे और दूषित पानी की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। जब स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्वालियर की जनता ने सीधा सीएम हेल्पलाइन का रुख कर लिया।

एक जनवरी से अब तक सीएम हेल्पलाइन में दूषित पानी को लेकर करीब 140 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। इस पर नगर निगम कमिश्नर संघप्रिय सिंह ने बताया कि शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। सीएम हेल्पलाइन पर आई 124 शिकायतों वाले इलाकों में गंदे पानी की समस्या का समाधान कर दिया गया है।

अब भी 16 स्थानों पर काम जारी है। जांच में सामने आया है कि 56 जगहों पर सीवर और पेयजल लाइनें पुरानी या क्रैक होने की वजह से पानी दूषित हो रहा है। इन सभी 56 लाइनों को बदलने की योजना बनाई गई है ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।

नगर निगम के अनुसार शहर में मौजूद 2600 ट्यूबवेल में से अब तक 1200 ट्यूबवेल की सफाई की जा चुकी है और बाकी की सफाई का काम तेजी से जारी है। इसके साथ ही पानी की टंकियों की भी नियमित सफाई कराई जा रही है। जिन इलाकों में गंदे पानी की समस्या सामने आ रही है, उन्हें चिन्हित कर अलग-अलग प्लान तैयार किए जा रहे हैं ताकि समस्या का स्थायी समाधान जल्द से जल्द किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *