ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में जीआरपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेल यात्रियों को निशाना बनाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो खासतौर पर महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी करने की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस ने इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से करीब 2 लाख 10 हजार रुपये के सोने के मंगलसूत्र और मोती बरामद किए गए हैं।
दरअसल मामले की शुरुआत 4 मार्च को हुई थी जब विजयपुर निवासी एक महिला का मंगलसूत्र मेमू ट्रेन में चढ़ते समय चोरी हो गया, इसके बाद 17 मार्च को एक और महिला के साथ इसी तरह की घटना हुई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों मामलों को जोड़कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान 9 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया और पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि वे ट्रेनों के जनरल और स्लीपर कोच में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चोरी करते थे और अगले स्टेशन पर उतरकर फरार हो जाते थे।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े बाकी मामलों का भी खुलासा किया जा सके।

