महिलाओं की पेंटिंग्स के साथ फिर अश्लील हरकत, प्राइवेट पार्ट पर स्क्रैच, ग्वालियर शर्मसार

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बार फिर शर्मनाक और घिनौनी मानसिकता सामने आई है, जहां महिलाओं की पेंटिंग्स के साथ अश्लील छेड़छाड़ की गई है। यह आपत्तिजनक घटना शहर के तानसेन नगर स्थित पानी की टंकी पर बनी पेंटिंग्स के साथ हुई, जहां महिला आकृतियों के प्राइवेट पार्ट्स को स्क्रैच कर नुकसान पहुंचाया गया।

जानकारी मिलते ही नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में पेंटिंग्स पर दोबारा रंग कर स्क्रैच किए गए हिस्सों को कवर किया गया। यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की हरकत सामने आई हो। इससे पहले नदी गेट रोड किनारे बनी योग मुद्रा वाली महिला पेंटिंग्स के साथ भी इसी तरह की गंदी हरकत की जा चुकी है।

उस घटना के बाद निगम ने बीते रविवार प्रतियोगिता के जरिए शहर की दीवारों पर खूबसूरत वॉल पेंटिंग्स बनवाई थीं, ताकि शहर की छवि सुधारी जा सके। लेकिन कुछ ही दिनों में असामाजिक तत्वों ने एक बार फिर अपनी घटिया सोच दिखा दी और तानसेन नगर वार्ड नंबर 13 की पानी टंकी के पिलर्स पर बनी योग मुद्रा वाली महिला पेंटिंग्स के प्राइवेट पार्ट्स को निशाना बनाया।

लल्लूराम डॉट कॉम की टीम जब मौके पर पहुंची तो नगर निगम के अधिकारी भी तुरंत वहां पहुंचे और पेंटिंग्स की मरम्मत करवाई। वार्ड के डब्ल्यूएचओ जीवन यादव ने बताया कि इस शर्मनाक हरकत को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की कोशिश की जा रही है और पेंटिंग्स को दुरुस्त कर दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर समाज के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि महिलाओं के प्रति इस तरह की घिनौनी मानसिकता रखने वालों पर सख्त कार्रवाई आखिर कब होगी और ग्वालियर कब ऐसी शर्मनाक घटनाओं से मुक्त हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *