ग्वालियर मेडिकल कॉलेज का बड़ा फैसला, अब 24 घंटे लगेगी एंटी रैबीज वैक्सीन

ग्वालियर। शहर में लगातार बढ़ रहे डॉग बाइट के मामलों को देखते हुए गजराराजा मेडिकल कॉलेज ने बड़ा कदम उठाया है। अब जया आरोग्य अस्पताल समूह में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए मरीजों को ओपीडी समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि यह सुविधा अब 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने इस संबंध में आदेश जारी कर व्यवस्था लागू कर दी है।

अस्पताल में जनवरी से अब तक 5 हजार से ज्यादा डॉग बाइट के मामले सामने आ चुके हैं। कई बार ऐसा होता था कि मरीज ओपीडी का समय खत्म होने के बाद अस्पताल पहुंचते थे और उन्हें समय पर टीका नहीं मिल पाता था। इसी समस्या को देखते हुए अब चौबीसों घंटे वैक्सीनेशन की सुविधा शुरू की गई है, ताकि किसी भी मरीज को इलाज के लिए इंतजार न करना पड़े।

नई व्यवस्था के तहत ओपीडी समय में मरीज पहले की तरह कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की ओपीडी में जाकर टीका लगवाएंगे। वहीं ओपीडी समय समाप्त होने के बाद आने वाले मरीज सीधे इमरजेंसी के कैजुअल्टी विभाग में जाकर एंटी रैबीज वैक्सीन लगवा सकेंगे।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक रेबीज एक घातक बीमारी है और इसमें समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी होता है। ऐसे में 24 घंटे वैक्सीनेशन की यह सुविधा डॉग बाइट पीड़ितों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *