Gwalior News: अमित शाह का ग्वालियर दौरा, ग्रोथ समिट से लेकर गौरव दिवस तक रहेगा खास

ग्वालियर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं और बुधवार रात ग्वालियर पहुंचे। आज गुरुवार को वे ग्वालियर में सत्ता और संगठन दोनों के साथ अहम चर्चा करेंगे। उषा किरण पैलेस में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ सरकार से जुड़े विषयों पर और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर मंथन होगा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहेंगे। दरअसल यह बैठक बुधवार रात होनी थी, लेकिन अमित शाह के देर से पहुंचने के कारण इसे आज के लिए टाल दिया गया था।

इसके बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मेला मैदान में आयोजित “अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट 2025” में शामिल होंगे। इस समिट के जरिए मोहन सरकार मध्य प्रदेश की औद्योगिक ताकत और निवेश की संभावनाओं को देश के सामने रखेगी। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर होगी, जहां करीब 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के लिए भूमि आवंटन किया जाएगा और 10 हजार करोड़ रुपये के विभिन्न औद्योगिक प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन और लोकार्पण भी होगा।

अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट में देश के 11 बड़े उद्योग घरानों की भागीदारी रहेगी। सरकार पिछले दो वर्षों में हुए औद्योगिक विस्तार, निवेश उपलब्धियों और रोजगार सृजन की पूरी तस्वीर साझा करेगी। खास बात यह है कि यह आयोजन भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जन्म जयंती के अवसर पर हो रहा है। मेला मैदान में अटल जी के जीवन और विचारों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगी।

आज ग्वालियर के लिए एक और खास मौका है, क्योंकि शहर में ग्वालियर गौरव दिवस और तबला दिवस मनाया जा रहा है। भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस को ग्वालियर गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर संगीत की नगरी ग्वालियर में भव्य सांस्कृतिक आयोजन होगा, जिसमें भक्ति, सूफी और पार्श्व गायन के क्षेत्र में विश्व विख्यात कलाकार कैलाश खेर अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संस्कृति विभाग के माध्यम से इस कार्यक्रम को स्वीकृति दी है। तबला दिवस और ग्वालियर गौरव दिवस के अवसर पर कैलाश खेर की प्रस्तुति आज शाम 7 बजे से मेला मैदान में होगी। उल्लेखनीय है कि कैलाश खेर अब तक करीब 18 भाषाओं में गीत गा चुके हैं और उनकी प्रस्तुति को लेकर शहर में खास उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *