ग्वालियर। मध्यप्रदेश के Gwalior में चालू वित्तीय वर्ष के क्लोजिंग मंथ के चलते संपत्तिकर वसूली को लेकर नगर निगम प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में Gwalior Municipal Corporation ने शहर के बड़े बकायादारों की एक सूची जारी की है। इस सूची में कई नामों के साथ एक बड़ा नाम भी सामने आया है, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता Madhavrao Scindia का नाम भी शामिल बताया गया है।
जारी सूची के अनुसार स्वर्गीय माधवराव सिंधिया के नाम पर करीब 33 लाख 32 हजार रुपये का संपत्तिकर बकाया बताया गया है। नगर निगम के रिकॉर्ड के मुताबिक यह बकाया राशि कटोराताल क्षेत्र में स्थित उनकी संपत्ति से संबंधित बताई जा रही है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा जारी इस सूची के बाद शहर की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि यह मामला पहले भी नगर निगम परिषद की बैठक में उठ चुका है। कांग्रेस पार्षद प्रमोद खरे ने इस मुद्दे को परिषद की बैठक में उठाते हुए इस पर चर्चा की थी, जिसके बाद सदन में इस विषय को लेकर काफी बहस भी हुई थी।
गौरतलब है कि Madhavrao Scindia देश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे हैं। वहीं वे वर्तमान केंद्रीय मंत्री Jyotiraditya Scindia के पिता भी थे। अब नगर निगम द्वारा जारी बकायादारों की सूची में उनका नाम आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।

