ग्वालियर। दिल्ली पुलिस ने ग्वालियर के एक यूथ कांग्रेस नेता को हिरासत में लेकर दिल्ली रवाना किया है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय कांग्रेस संगठन में हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ी है। पुलिस को आशंका है कि इस प्रदर्शन से देश की छवि प्रभावित करने की कोशिश की गई।
सूत्रों के मुताबिक, भारत मंडपम में कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया था। कार्यक्रम के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस संबंधित लोगों की पहचान कर रही है। इसी कड़ी में ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र में रहने वाले यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव का नाम सामने आने की बात कही जा रही है।
दिल्ली से आई पुलिस टीम ने तलाश के बाद उन्हें हिरासत में लिया और अपने साथ ले गई। इस कार्रवाई के बाद ग्वालियर में जिला कांग्रेस के नेताओं ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के तरीके को लेकर परिवार में भय और असमंजस की स्थिति है। उनका कहना है कि आधिकारिक जानकारी स्पष्ट रूप से साझा नहीं की गई और परिवार को स्थिति की जानकारी मिलनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सुबह से वे थाने और पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं इस पूरे मामले पर पुलिस अधिकारियों ने कैमरे के सामने टिप्पणी करने से परहेज किया है। मामला अब राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है।

