पटना। कांग्रेस नेता और पूर्व जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार शनिवार को पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति तथा बिहार की राजनीति पर अपनी राय साझा की।
कन्हैया कुमार ने कहा कि सोने के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और महंगाई चरम पर है, लेकिन इसके बावजूद लोग धनतेरस का त्योहार मना रहे हैं। यह भारत की संस्कृति और उम्मीदों की ताकत है। उन्होंने कहा कि लोग कठिनाइयों के बीच भी उत्सव मनाना जानते हैं। उन्होंने आम लोगों की जुझारू प्रवृत्ति की सराहना की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
राजनीति पर बात करते हुए कन्हैया ने कहा कि बिहार में महागठबंधन पूरी तरह से एकजुट है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में सब कुछ ठीक है और हमारे सभी प्रत्याशी एकजुटता के साथ नामांकन दाखिल कर रहे हैं। हम जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में हैं और हमें पूरा विश्वास है कि जनता का समर्थन हमें मिलेगा।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार ने केवल बड़े उद्योगपतियों के लिए नीतियां बनाई हैं, जबकि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और बदहाल अर्थव्यवस्था का सामना कर रही है।

