सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले से एक बार फिर शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक हेडमास्टर शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचता दिख रहा है और शिक्षकों से अभद्रता करता नजर आ रहा है, हैरानी की बात यह है कि दो महीने पहले भी इसी तरह की हरकत के चलते उन्हें निलंबित किया गया था लेकिन बहाली के बाद फिर वही रवैया सामने आ गया।
यह मामला सतना जिले के उचेहरा विकासखंड के परसमनिया पहाड़ी स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक स्कूल कुरेही का बताया जा रहा है, जहां हेडमास्टर जयपाल दिनकर शुक्रवार को नशे की हालत में स्कूल पहुंचे और अन्य शिक्षकों से अमर्यादित भाषा में बहस करते हुए दिखाई दिए, वीडियो सामने आने के बाद गांव में नाराजगी का माहौल है और लोग शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि 25 नवंबर 2025 को भी जयपाल दिनकर नशे में धुत हालत में सड़क किनारे बेसुध पाए गए थे, जिसके बाद तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया था, हाल ही में बहाली के बाद उन्हें फिर उसी स्कूल का प्रभार सौंप दिया गया, जिसे लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है।
लोगों का कहना है कि बच्चों के भविष्य से जुड़े संस्थान में इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए, अब ताजा वीडियो के वायरल होने के बाद सभी की नजर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी है कि क्या इस बार भी मामले को हल्के में लिया जाएगा या फिर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

