पोजा रिका: मेक्सिको में लगातार मूसलाधार बारिश ने हालात बेकाबू कर दिए हैं। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बन गई है, जिससे अब तक 41 लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।
मेक्सिको के वेराक्रूज राज्य में छह से नौ अक्टूबर के बीच लगभग 540 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि मेक्सिको सिटी से 275 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित तेल नगरी पोजा रिका में बाढ़ के पहले कोई खास चेतावनी नहीं दी गई थी।
कई इलाकों में बाढ़ का असर सबसे अधिक देखने को मिला। हिडाल्गो राज्य में भारी बारिश से 16 लोगों की मौत हुई और 150 समुदायों को बिजली आपूर्ति बाधित होने का सामना करना पड़ा। पुएब्ला राज्य में कम से कम नौ लोगों की जान गई और 16,000 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गए। वेराक्रूज राज्य में 15 लोगों की मौत हुई, जहां थल सेना और नौसेना भूस्खलन और बाढ़ के कारण अलग-थलग पड़े 42 समुदायों के निवासियों को बचाने में जुटी हुई है।
बचावकर्मी पूरे क्षेत्र में 27 लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। खाड़ी तट पर स्थित वेराक्रूज राज्य की 55 नगरपालिकाओं में 16,000 से अधिक मकान प्रभावित हुए हैं। मध्य क्वेरेटारो राज्य में भी भूस्खलन के कारण एक बच्चे की मौत हुई।
भारी बारिश की वजह से बिजली गुल होने से देशभर में 3,20,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस भीषण बारिश के लिए मेक्सिको के पश्चिमी तट पर आए उष्णकटिबंधीय तूफानों प्रिसिला और रेमंड को जिम्मेदार ठहराया गया है।

