इंदौर। इंदौर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम बुधवार देर रात घोषित कर दिए गए। लंबी और बेहद रोमांचक मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर मनीष यादव ने जीत दर्ज की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक तुगनावत, सचिव पद पर मनीष गडकर और सह सचिव पद पर अमित राज निर्वाचित हुए। एग्जीक्यूटिव मेंबर के रूप में राहुल पांचाल, तेजस जैन, अमन मालवीय, रश्मेंद्र सूर्यवंशी और अर्निक जैन को अधिवक्ताओं ने चुना।
अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। शुरुआती राउंड में गौरव श्रीवास्तव आगे चल रहे थे, लेकिन बाद के राउंड में मनीष यादव ने जोरदार वापसी की। 17वें राउंड के बाद उन्होंने बढ़त बनाई और 20वें राउंड तक उसे कायम रखा। अंततः मनीष यादव ने 512 वोट हासिल कर 20 मतों से जीत दर्ज की, जबकि गौरव श्रीवास्तव को 492 वोट मिले। अन्य प्रत्याशियों में जीपी सिंह को 406, मनीष जैन को 282 और पवन जोशी को 95 मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक तुगनावत ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और 858 वोट हासिल कर एकतरफा जीत दर्ज की। उनके मुकाबले अपूर्वा शुक्ला को 311, धर्मेंद्र साहू को 232, मधुसूदन यादव को 216 और भावना साहू को 162 वोट मिले।
सचिव पद के लिए भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मतों की लगातार अदला-बदली के बीच अंततः मनीष गडकर 652 वोट लेकर विजयी रहे। गोविंद राय को 582 और निलेश मनोरे को 533 मत प्राप्त हुए।
सह सचिव पद पर अमित राज ने रिकॉर्ड बढ़त के साथ जीत दर्ज की। उन्हें 1027 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी ज्ञानेंद्र शर्मा को 739 वोट हासिल हुए।
नतीजे घोषित होते ही बार परिसर में जश्न का माहौल बन गया। समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी और जीत का उत्सव मनाया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि वे अधिवक्ताओं की समस्याओं, सुविधाओं और हाईकोर्ट परिसर से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज द्विवेदी और मीडिया प्रभारी अजय मिश्रा के अनुसार, सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक कुल 1914 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। इसके बाद शाम 7 बजे से मतगणना शुरू हुई, जो देर रात करीब 1 बजे तक चली।

