इंदौर। Indore शहर में अपराध पर लगाम लगाने के लिए Vijay Nagar पुलिस ने हाईटेक निगरानी की बड़ी पहल शुरू की है। थाना क्षेत्र में फिलहाल 40 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या बढ़ाकर 150 से ज्यादा करने की तैयारी की जा रही है, ताकि इलाके के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा सके।
इस खास पहल की सबसे बड़ी बात यह है कि इन सभी कैमरों का कंट्रोल सीधे विजयनगर थाने से किया जा रहा है। थाने में ही थाना प्रभारी के कक्ष में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पुलिस लगातार लाइव फुटेज पर नजर रख रही है। इससे संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पहचान कर कार्रवाई करना आसान हो गया है।
विजयनगर थाना प्रभारी Chandrakant Patel के अनुसार क्षेत्र में अपराध रोकने और आरोपियों को जल्दी पकड़ने में सीसीटीवी कैमरे पुलिस के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित हो रहे हैं। कंट्रोल रूम से लगातार कैमरों की मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अब अगले चरण में इलाके के घरों, अस्पतालों, मॉल और अन्य संस्थानों में लगे निजी सीसीटीवी कैमरों को भी इस कंट्रोल रूम से जोड़ने की योजना बना रही है। इससे पूरे क्षेत्र की निगरानी एक ही जगह से हो सकेगी और मनचलों, बदमाशों और चोरी जैसी वारदातों पर सख्त नजर रखी जा सकेगी।
थाना प्रभारी का कहना है कि कैमरे लगने के बाद क्षेत्र में चोरी और अन्य अपराधों की घटनाओं में कमी देखने को मिली है। कई मामलों में आरोपियों की पहचान इन्हीं कैमरों की मदद से हुई और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी किया। अब पुलिस का लक्ष्य है कि जल्द ही कैमरों की संख्या 150 से ज्यादा कर दी जाए, ताकि विजयनगर थाना क्षेत्र पूरी तरह हाईटेक निगरानी में आ सके।

