रियलिटी शो ‘द 50’ इस वक्त दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा में बना हुआ है और हाल ही में सामने आए नए प्रोमो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। प्रोमो में डांसर सपना चौधरी और इंफ्लुएंसर अदनान शेख के बीच तीखी बहस देखने को मिलती है जो देखते ही देखते बड़े झगड़े में बदल जाती है।
प्रोमो के मुताबिक टास्क के दौरान प्रतियोगियों को 40 कार्ड ढूंढने थे ताकि वे गेम में सुरक्षित रह सकें लेकिन इसी दौरान अदनान शेख कार्ड दूसरे कंटेस्टेंट्स को बांटते नजर आते हैं। सपना चौधरी जब उन्हें इस बात पर टोकती हैं तो अदनान गुस्से में एक आपत्तिजनक टिप्पणी कर देते हैं जिसे सुनते ही सपना भड़क जाती हैं।
बात इतनी बढ़ जाती है कि सपना चौधरी गुस्से में अदनान को पीटने तक की धमकी दे देती हैं और कहती हैं कि पहले चीटिंग करता है और फिर मर्दानगी दिखा रहा है, बाहर मिला तो मारूंगी और शो भी छोड़ने की बात कह देती हैं। गुस्से में आकर सपना टास्क बीच में ही छोड़ देती हैं जिससे शो का माहौल और ज्यादा गरमा जाता है।
बता दें कि रियलिटी शो ‘द 50’ में करीब 50 कंटेस्टेंट हिस्सा ले रहे हैं जिनमें एक्टर्स, इंफ्लुएंसर्स और स्पोर्ट्स बैकग्राउंड से जुड़े लोग शामिल हैं। इस शो में युविका चौधरी, प्रिंस नरूला, रजत दलाल और करण पटेल जैसे चेहरे भी नजर आ रहे हैं और यह शो जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होने के साथ-साथ कलर्स चैनल पर टेलीकास्ट किया जा रहा है।

