शहडोल। जिले में हिट एंड रन का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सीधी थाना क्षेत्र के ब्यौहारी–बांसुकली मार्ग पर चकती के पास हुआ, जहां टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया और युवक का शव सड़क के बीचोंबीच पड़ा रह गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा तड़के हुआ था, लेकिन कई घंटों तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रही, जिससे शव के दोबारा किसी वाहन की चपेट में आने का खतरा बना रहा। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर जुटे लोग मदद करने के बजाय मोबाइल निकालकर वीडियो बनाते रहे और इंसानियत को ताक पर रखकर तमाशबीन बने रहे। शव को सड़क से हटाने या तुरंत पुलिस को सूचना देने की कोशिश नहीं की गई, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया।
काफी देर बाद सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात वाहन और मृतक की शिनाख्त में जुटी हुई है। इस घटना ने न सिर्फ हिट एंड रन मामलों पर, बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां वक्त रहते मदद मिल जाती तो शायद हालात कुछ और हो सकते थे।

