‘सनातन विरोधी अजय सिंह बिष्ट’ के होर्डिंग से सियासत गरम, शंकराचार्य मामले में कांग्रेस का सीएम योगी पर हमला

लखनऊ. इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, उनके शिष्य मुकुंदानंद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में झूंसी थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। शंकराचार्य की संभावित गिरफ्तारी को लेकर चर्चाएं तेज हैं और विपक्ष लगातार भाजपा सरकार पर निशाना साध रहा है।

इसी कड़ी में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता आर्यन मिश्रा ने राजधानी की सड़कों पर बड़े-बड़े होर्डिंग लगवाकर सीधे योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है। होर्डिंग में लिखा गया, “जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है” और साथ ही सीएम का नाम लेते हुए उन्हें “सनातन विरोधी अजय सिंह बिष्ट” बताया गया। पोस्टर में यह भी लिखा गया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के सम्मान में कांग्रेस पार्टी मैदान में है। ये होर्डिंग अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और राजनीतिक बहस को और तेज कर रहे हैं।

दरअसल हाल ही में आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने दो बच्चों को अदालत में पेश कर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। प्रयागराज पुलिस कमिश्नर ने प्रारंभिक जांच रिपोर्ट कोर्ट को सौंपी थी, जिसके बाद हाईकोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। 13 फरवरी को अदालत ने दोनों बच्चों के बयान भी दर्ज किए थे।

अब यह मामला सिर्फ कानूनी दायरे तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सियासी अखाड़े में भी बदल चुका है, जहां आरोप-प्रत्यारोप के बीच सनातन और सम्मान की बहस खुलकर सामने आ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *