शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल स्थित पंडित शंभूनाथ विश्वविद्यालय में होली का जश्न उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब रंग-गुलाल और डीजे की धुनों पर झूम रहे छात्र-छात्राओं पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। खुशियों के बीच अचानक मची भगदड़ में छात्र जान बचाने के लिए परिसर में इधर-उधर भागते नजर आए और पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय परिसर में होली का उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा था, छात्र-छात्राएं एक-दूसरे को रंग लगाकर और फिल्मी गानों पर डांस करते हुए जश्न में डूबे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों के हमले से हालात बिगड़ गए। कई छात्र-छात्राएं घबराकर गिरते-पड़ते भी दिखाई दिए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है।
इसी अफरा-तफरी के बीच किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए और कहासुनी धक्का-मुक्की में बदल गई, जिससे कुछ समय के लिए परिसर में तनाव का माहौल बन गया। बाद में अन्य छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित किया गया। हाल ही में दीक्षांत समारोह में भोजन को लेकर भी विवादों में रहा यह विश्वविद्यालय अब एक बार फिर सुर्खियों में है और वायरल वीडियो के बाद कैंपस की सुरक्षा तथा आयोजन प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से किसी गंभीर घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

