जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में होली का त्योहार उस समय मातम में बदल गया जब अलग-अलग तीन थाना क्षेत्रों में डूबने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इन घटनाओं में एक बुजुर्ग और दो युवकों ने अपनी जान गंवा दी। बताया जा रहा है कि कोई नाले में डूबा, तो कोई तालाब और बरगी बांध के गहरे पानी में समा गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को बरामद किया गया।
जानकारी के मुताबिक इन तीनों मौतों के पीछे नशा और लापरवाही बड़ी वजह बनकर सामने आई है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग रूपसिंह पटेल नशे की हालत में नाले के पास पहुंचे थे, जहां पैर फिसलने के बाद वह नाले में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। बाद में कछपुरा नाले में उनका शव बरामद किया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
वहीं दूसरी बड़ी घटना बरगी बांध के जीरो डिग्री प्वाइंट पर हुई, जहां युवक शैलेष नेमा अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए पहुंचा था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लगातार तीन दिनों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। आखिरकार तीसरे दिन युवक का शव बरामद कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि ये सभी घटनाएं जबलपुर जिले के बरगी, सिहोरा और संजीवनी नगर थाना क्षेत्रों में हुई हैं। होली के जश्न के बीच हुई इन तीन दर्दनाक मौतों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और परिवारों में मातम का माहौल बना हुआ है।

