शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में होली का त्योहार उस वक्त दहशत में बदल गया, जब रंगों के बीच अचानक चाकू चल गए। बुढार इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया और तीन युवकों पर हमला कर दिया गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
आरोप है कि अन्नू दास बैरागी ने रोहित लोधी, विक्की लोधी, अट्टू लोधी और छोटू लोधी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में रोहित लोधी के गले और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसकी हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गया।
घटना के बाद रोहित के भाई रवि लोधी ने बुढार पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एक दिन पहले ही आरोपी द्वारा दी जा रही धमकियों की जानकारी पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते कदम उठाया जाता तो यह घटना टल सकती थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं क्षेत्र में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में विकास पाण्डेय से जब चर्चा की गई तो उन्होंने घटना की जानकारी न होने की बात कही, जिससे प्रशासनिक जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

