भोपाल में होली सुरक्षा अलर्ट, 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं चालू, हर अस्पताल में 10 बेड रिजर्व

भोपाल। रंगों के त्योहार होली और रंगपंचमी को लेकर भोपाल में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा के निर्देश पर राजधानी के सभी शासकीय अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं चालू रखने के आदेश जारी किए गए हैं। होली के दौरान त्वचा में जलन, आंखों में खुजली और लालिमा, सांस की तकलीफ और सड़क दुर्घटनाओं के मामले बढ़ने की आशंका को देखते हुए विशेष तैयारियां की गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने प्रत्येक सरकारी अस्पताल में कम से कम 10 बेड रिजर्व रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत भर्ती किया जा सके। संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में 108 एंबुलेंस तैनात रहेंगी, जिससे किसी भी घटना पर तत्काल चिकित्सा सहायता पहुंचाई जा सके। इमरजेंसी स्टाफ के लिए विशेष ड्यूटी रोस्टर तैयार किया गया है और अस्पतालों में आई ड्रॉप, एंटी-एलर्जिक दवाएं, बर्न ट्रीटमेंट किट सहित सभी जरूरी दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

सीएमएचओ ने नागरिकों से अपील की है कि केमिकल युक्त रंगों से बचें, आंख में रंग चले जाने पर रगड़ने के बजाय साफ पानी से धोएं और यदि सांस, त्वचा या आंखों में किसी प्रकार की परेशानी हो तो तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें। साथ ही नशीले पदार्थों से दूर रहकर सुरक्षित और जिम्मेदारी से होली मनाने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *