खंडवा में 200 से ज्यादा स्थानों पर जलेगी होली, निगम चौराहे पर सजा हर्बल होली मेला

खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा में इस बार होली खास अंदाज में मनाई जा रही है। शहर में 200 से ज्यादा स्थानों पर होलिका दहन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसी के साथ स्वस्थ और सुरक्षित होली का संदेश देने के लिए नगर निगम चौराहे पर “हर्बल होली मेला” आयोजित किया गया है।

यह दो दिवसीय मेला मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से लगाया गया है, जहां स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए प्राकृतिक गुलाल और खाद्य सामग्री की बिक्री हो रही है। पलाश के फूल, मेहंदी और मोरिंगा पाउडर जैसे प्राकृतिक तत्वों से रंग तैयार किए गए हैं, ताकि होली खेलने के दौरान त्वचा पर कोई दुष्प्रभाव न पड़े।

मेले का शुभारंभ खंडवा विधायक, पंधाना विधायक छाया मोरे और नगर निगम महापौर ने किया। जनप्रतिनिधियों ने मेले का भ्रमण किया, खरीदारी की और आम जनता से भी हर्बल रंग अपनाने की अपील की।

पंधाना विधायक छाया मोरे ने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र की मातृशक्ति आत्मनिर्भर भारत की सोच को साकार कर रही है। स्व सहायता समूह की महिलाएं पोषण आहार से लेकर अब होली के रंग-गुलाल तक तैयार कर रही हैं, जो उनकी मेहनत और लगन का प्रमाण है। उन्होंने महिलाओं को नमन करते हुए आत्मनिर्भर भारत की दिशा में चलाई जा रही योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार भी व्यक्त किया।

खंडवा में इस बार होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वास्थ्य के संदेश के साथ मनाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *