खाना परोसते-परोसते होटल मालिक को आया साइलेंट हार्ट अटैक, CCTV में कैद हुआ मौत का खौफनाक मंजर

 नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां होटल में ग्राहकों को खाना परोसते समय अचानक होटल संचालक की मौत हो गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया।

जानकारी के मुताबिक यह घटना ग्वालटोली रेलवे स्टेशन क्षेत्र की है, जहां सिंधी कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय अशोक नवलानी अपने होटल में रोज की तरह ग्राहकों को खाना परोस रहे थे। उसी दौरान उन्हें अचानक साइलेंट हार्ट अटैक आया और कुछ ही सेकंड में उनकी सांसें थम गईं।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि अशोक नवलानी ग्राहकों को थाली में खाना परोस रहे थे। उन्होंने पहले एक सब्जी थाली में रखी और जैसे ही दूसरी सब्जी रखने के लिए झुके, अचानक उनका शरीर लड़खड़ाया और वह जमीन पर गिर पड़े। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

होटल में मौजूद उनके छोटे भाई पप्पन नवलानी और कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें उठाने की कोशिश की। पप्पन ने बताया कि उन्होंने मौके पर ही अशोक को सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन उनके शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी हृदय रोग विशेषज्ञ के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार साइलेंट हार्ट अटैक बेहद खतरनाक होता है, क्योंकि इसमें व्यक्ति को संभलने या इलाज का मौका तक नहीं मिल पाता। अशोक नवलानी अपने भाई के साथ मिलकर होटल का संचालन करते थे और उस रात भी रोज की तरह अपने काम में लगे हुए थे।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर अचानक बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि कई बार बिना किसी चेतावनी के ऐसी घटनाएं लोगों की जान ले लेती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *