महाकाल मंदिर के पास होटल सम्राट विक्रमादित्य में नॉनवेज बनाने का आरोप, 4 पूर्व कर्मचारियों पर FIR

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के आसपास केवल शाकाहारी भोजन परोसने की परंपरा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और क्षेत्र की पवित्रता बनी रहे। लेकिन अब मंदिर के पास संचालित होटल सम्राट विक्रमादित्य में नॉनवेज बनाए जाने का आरोप सामने आया है, जिससे विवाद खड़ा हो गया है।

सोशल मीडिया पर एक कथित सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है, जिसमें किचन के अंदर मांस जैसे टुकड़े दिखाई देने का दावा किया जा रहा है और स्टाफ को ‘मुर्गा मछली वाले हाथ धो लेना’ जैसी बात कहते सुना जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद हिंदूवादी संगठनों और साधु-संतों ने विरोध जताया और इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताया।

इस पूरे मामले में होटल प्रबंधक सतीश पाठक ने महाकाल थाना पुलिस को आवेदन देकर होटल के चार पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

होटल प्रबंधन का कहना है कि वीडियो में दिखाई गई डिश नॉनवेज नहीं, बल्कि दही, ब्रेड और चीज़ से बनी एक पूरी तरह शाकाहारी डिश है। आरोप है कि होटल के ही चार पूर्व कर्मचारियों ने साजिश के तहत होटल की आधिकारिक मेल आईडी का दुरुपयोग कर सीसीटीवी फुटेज चुराया, उसमें एडिटिंग की और उसे वायरल किया। प्रबंधन के मुताबिक इन कर्मचारियों के साथ तीन साल का एग्रीमेंट था और ट्रेनिंग भी दी गई थी, लेकिन उन्होंने तीन महीने में ही काम छोड़ दिया, जिसके बाद उन्हें नोटिस जारी किया गया था।

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार चारों पूर्व कर्मचारियों — प्रियंका पटेल, राकेश सेन, हरिशंकर साहू और अर्पित तिवारी — के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *