वाराणसी. एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां अचानक घर की छत भरभराकर गिर गई और पल भर में खुशियों से भरा घर मातम में बदल गया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह घटना मंडुवाडीह क्षेत्र के लहरतारा इलाके की बताई जा रही है, जहां अचानक छत गिरने से अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।
मृतकों की पहचान लक्ष्मी साहनी और छोटू साहनी के रूप में हुई है, जबकि घायलों में 65 वर्षीय गिरजा देवी और 35 वर्षीय मनु साहनी शामिल हैं, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
एडीसीपी नीतू के नेतृत्व में पुलिस टीम और स्थानीय थाना प्रभारी मौके पर मौजूद रहे और बचाव कार्य में जुट गए, वहीं नगर निगम के कर्मचारियों ने मलबा हटाने का काम शुरू किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई और व्यक्ति तो नहीं फंसा है।
फिलहाल छत गिरने की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं, वहीं इस हादसे ने एक बार फिर जर्जर मकानों की स्थिति और सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

