सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के काफिले से तीन कारें टकरा गईं। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और सभी कार सवार बाल-बाल बच गए।
यह घटना सीधी जिले के जमोडी थाना क्षेत्र में पनवार स्कूल के पास हुई, जब रीवा से सिंगरौली की ओर सड़क मार्ग से कांग्रेस नेताओं का काफिला जा रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान काफिले की गाड़ियों से तीन कारों की टक्कर हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
काफिले में उस समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य कमलेश्वर पटेल भी मौजूद थे। हादसे के बावजूद सभी नेता सुरक्षित रहे और बाद में काफिला आगे के लिए रवाना हुआ।
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी आज सिंगरौली में पेड़ों की कटाई के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन करने जा रही है। इस दौरान कांग्रेस नेता आदिवासी समुदाय, प्रभावित ग्रामीणों, विस्थापित परिवारों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर जमीनी हालात का आकलन करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।

