जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर के बरेला क्षेत्र के पहाड़ीखेड़ा गांव में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 80 साल की तेजा बाई को बदमाशों ने घर में घुसकर बांध दिया और बेरहमी से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। बताया जा रहा है कि यह हमला जमीन विवाद को लेकर किया गया, जिसमें आरोपियों ने पूरी निर्दयता के साथ वृद्धा को निशाना बनाया।
वृद्धा को गंभीर हालत में मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि इसी विवाद को लेकर तीन महीने पहले भी महिला को नींद की गोली खिलाकर कोरे कागज पर जबरन अंगूठा लगवाया गया था, लेकिन तब की शिकायत पर बरेला पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी लगातार जमीन हथियाने की साजिश रच रहे थे और इसी के तहत यह हमला किया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है, लेकिन इतनी उम्रदराज महिला पर हुए इस बर्बरतापूर्ण हमले ने पूरे इलाके में दहशत और गुस्सा दोनों फैला दिए हैं।

