मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश की दबंगई ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, पैसे के लेनदेन के विवाद में आरोपी ने एक दलित युवक को न सिर्फ बेरहमी से पीटा बल्कि उसे मुर्गा बनाकर अपमानित किया और अमानवीय हरकत करने पर मजबूर कर दिया, इतना ही नहीं पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, मामला अंबाह थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
अंबाह थाना क्षेत्र में सामने आई ये तस्वीरें समाज को झकझोर देने वाली हैं, रेत का पुरा निवासी उई उर्फ धर्मेंद्र तोमर, जिसे पुलिस रिकॉर्ड में आदतन अपराधी बताया जा रहा है, उसने किराए से रहने वाले एक दलित युवक को पैसे समय पर न देने के विवाद में अपने घर बुलाया और वहां पहुंचते ही युवक के साथ बर्बरता शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक आरोपी और उसके साथियों ने पहले युवक के साथ जमकर मारपीट की, इसके बाद उसे मुर्गा बनाकर अपमानित किया गया, लेकिन इतने पर भी जब मन नहीं भरा तो आरोपी ने सारी हदें पार कर दीं और पीड़ित को जबरन अपमानजनक हरकत करने के लिए मजबूर किया, इस दौरान उसके साथी मोबाइल कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड करते रहे।
वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला, इस घटना ने न सिर्फ इंसानियत को कटघरे में खड़ा किया है बल्कि यह भी दिखा दिया है कि कुछ बदमाशों में कानून का डर किस कदर खत्म हो चुका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर टीम गठित की, इसके बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है, वहीं वीडियो बनाने और वायरल करने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
इस मामले पर एसडीओपी रवि भदौरिया ने बताया कि अंबाह थाना क्षेत्र से एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक युवक के साथ आपत्तिजनक और अमानवीय व्यवहार किया जा रहा था, वीडियो के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

