जबलपुर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गढ़ा थाना पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पति-पत्नी और उनका एक साथी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 14 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर जबलपुर पहुंचे थे और यहां इसकी सप्लाई करने की तैयारी में थे। गढ़ा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग बड्डा दादा मैदान के पास गांजे की खेप लेकर आने वाले हैं, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत टीम बनाकर इलाके में घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को रोककर तलाशी ली, तो उनके बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों की पहचान पति सिद्धांत बर्मन, पत्नी वंशिका बर्मन और उनके साथी रवि जाटव के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से ओडिशा से गांजा लाकर जबलपुर और आसपास के इलाकों में इसकी तस्करी कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं और गांजे की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी।
गढ़ा थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान तस्करी से जुड़े और भी नाम सामने आ सकते हैं।

