बच्चों को स्कूल छोड़ने निकली महिला का पति ने किया अपहरण, डबरा में हाई अलर्ट

डबरा। डबरा में उस वक्त सनसनी फैल गई जब बच्चों को स्कूल छोड़ने गई एक महिला का कथित तौर पर उसके ही पति ने अपहरण कर लिया। बताया जा रहा है कि महिला को कार में जबरन बैठाकर ले जाया गया। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर तलाश शुरू कर दी है। मामला देहात थाना क्षेत्र का है।

महिला की पहचान प्रीति परिहार के रूप में हुई है, जो पिछले नौ महीनों से पति से विवाद के चलते अलग रह रही थी और अपने मायके में रह रही थी। सुबह वह अपने दो बच्चों को स्कूल छोड़ने निकली थी, तभी उसका पति भरत परिहार कुछ अन्य लोगों के साथ पहुंचा और उसे जबरन कार में बैठाकर ले गया।

प्रीति की मां के अनुसार, उसकी शादी करीब 12 साल पहले घाटीगांव निवासी भरत से हुई थी, लेकिन लगातार विवाद के कारण वह मायके में रहने लगी थी। परिवार का आरोप है कि प्रीति ने पहले भी पति से खतरे की आशंका जताते हुए पुलिस को आवेदन दिए थे, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद माता-पिता थाने पहुंचे और बेटी को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईवे समेत कई स्थानों पर नाकाबंदी कर दी है और महिला की सुरक्षित बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *