ग्वालियर। “मुझे दुनिया वालों शराबी ना समझो, मैं पीता नहीं हूं, मुझे पिलाई गई है…” इस फिल्मी गाने को गुनगुनाते हुए एक शराबी युवक ने बीच सड़क पर ऐसा हंगामा किया कि लोग हैरान रह गए। मामला शुक्रवार रात उरवाई गेट के सामने का है, जहां शराब के नशे में धुत युवक अचानक सड़क पर पहुंचा और बीच रास्ते में लेट गया।
नशे में युवक गाना गाते हुए सड़क पर गिर पड़ा, जिससे वहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे उठाकर सड़क किनारे बिठाया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह दोबारा सड़क पर जाकर लेट गया। इसी दौरान उसने एक बाइक सवार युवक की चाबी छीन ली और जबरन गाड़ी के सामने लेटकर कहने लगा कि अगर गाड़ी निकालनी है तो उसकी गर्दन के ऊपर से ले जाओ।
काफी देर तक समझाने के बावजूद जब शराबी सड़क से नहीं हटा और हंगामा बढ़ता गया, तो गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी और उसका नशा उतार दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि हंगामा करने वाला युवक आसपास का ही रहने वाला है। बाद में लोगों ने उसे पुलिस के हवाले किया, जिसके बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका और लोगों ने राहत की सांस ली।

