‘प्रदीप मिश्रा का कर्ज उतारने आया हूं’: कुबेरेश्वर धाम पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री, बोले इस पावन भूमि पर आकर बहुत प्रसन्न हूं

सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में उस समय खास उत्साह का माहौल बन गया, जब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा में शामिल होने पहुंचे। विट्ठलेश सेवा समिति द्वारा आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा के चौथे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और जैसे ही बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर मंच पर पहुंचे, लोगों की खुशी दोगुनी हो गई।

सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के दौरान व्यासपीठ को नमन करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने अपने खास अंदाज में कहा कि वे अपना कर्ज उतारने आए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले प्रदीप मिश्रा बागेश्वर धाम पधारे थे और वहां अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई थी। उसी प्रेम और सम्मान के प्रतिदान स्वरूप वे आज सीहोर की इस पावन धरा पर आए हैं।

मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम किसी का कर्ज नहीं रखते, महाराज जी का तो बिल्कुल नहीं रख सकते। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि महाराज जी हमारे यहां आए थे, अब हम उनके यहां आ गए, इस तरह कर्ज पूरा हो गया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस भूमि पर आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। दोनों संतों के इस मिलन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और श्रद्धालुओं के बीच खास चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *