पटना. निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर जानकारी दी कि उन्हें इनकम टैक्स विभाग से नोटिस मिला है। पप्पू यादव ने दावा किया कि यह नोटिस उन्हें बाढ़ पीड़ितों की मदद के दौरान पैसा बांटने के कारण भेजा गया है। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अगर जरूरतमंदों की सहायता करना अपराध है, तो वह यह “अपराध” बार-बार करते रहेंगे।
पप्पू यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें इनकम टैक्स का नोटिस मिला है और बाढ़ पीड़ितों की मदद में रुपये बांटना अपराध बताया गया है। उन्होंने कहा कि यह अपराध है तो वह हर वंचित पीड़ित की सहायता का यह अपराध हमेशा करते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि वैशाली जिले के नयागांव पूर्वी पंचायत के मनियारी गांव के बाढ़ पीड़ितों के घर गंगा नदी में बह गए थे। ऐसे हालात में उन्होंने जाकर उनकी मदद की, लेकिन अब उसी को लेकर कार्रवाई की जा रही है।
पप्पू यादव ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर भी निशाना साधा और कहा कि अगर वह मदद न करते तो क्या गृह राज्य मंत्री, स्थानीय सांसद या मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनने का दावा करने वाले नेता मूकदर्शक बने रहते।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे जनता के बीच रहकर जनसेवा करते रहेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें किसी भी तरह की कार्रवाई का सामना क्यों न करना पड़े।

