ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक सनसनीखेज अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा किया है, जहां प्यार में पागल युवक ने प्रेमिका की शादी तय होने से बौखलाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी प्रेमी युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन जब उसे पता चला कि उसकी शादी कहीं और तय हो चुकी है और दो महीने बाद विवाह होना है, तो उसने खौफनाक कदम उठा लिया।
यह मामला ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र के छोटे बाबा की पहाड़ी इलाके का है, जहां 20 जनवरी की दोपहर 22 वर्षीय निशा कुशवाहा की अज्ञात हमलावर ने हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो सामने आया कि निशा की पड़ोस में रहने वाले समीर कुशवाहा से दोस्ती थी। जब पुलिस समीर के घर पहुंची तो वह मोबाइल छोड़कर फरार मिला, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर समीर को करहिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह निशा से प्यार करता था और उसी से शादी करना चाहता था। लेकिन जब उसे पता चला कि निशा की शादी अप्रैल में कहीं और तय हो गई है, तो वह गुस्से में निशा के घर पहुंच गया।
समीर ने धारदार हथियार से निशा का तीन बार गला रेता। इतना करने के बाद भी उसका मन नहीं भरा, उसे डर था कि कहीं निशा बच न जाए, इसलिए वह बाहर गया और एक भारी पत्थर उठाकर लाया और निशा के चेहरे पर पटक दिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी प्रेमी समीर को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। इस दिल दहला देने वाली वारदात ने एक बार फिर रिश्तों में पनप रही हिंसा और अंधे जुनून की भयावह तस्वीर सामने ला दी है।

