भाजपा है, तो मैं हूं’ — बांकीपुर से मंत्री नितिन नवीन ने भरा नामांकन, बोले: जनता का प्यार ही मेरी ताकत है

 पटना। बिहार चुनाव का माहौल अब पूरी रफ़्तार पर है। पटना की बांकीपुर सीट से बीजेपी के कद्दावर नेता और पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने आज पांचवीं बार एनडीए प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। नामांकन के वक्त जोश, जयघोष और जनसमर्थन का ऐसा नज़ारा देखने को मिला, मानो पूरा बांकीपुर एक ही आवाज़ में कह रहा हो — “फिर एक बार, एनडीए सरकार!”

नामांकन से पहले नितिन नवीन ने पटना के गोलघर स्थित माँ अखंडवासिनी मंदिर और बांसघाट के काली मंदिर में पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे अपने आवास पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव और वरिष्ठ नेताओं से मिले, उनका आशीर्वाद लिया, और फिर नामांकन यात्रा के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान उन्होंने अपने पिता, पटना पश्चिम के पूर्व विधायक स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

नामांकन के समय उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद अनुराग ठाकुर और बिहार के कई वरिष्ठ बीजेपी नेता मौजूद रहे। पटना जिला समाहरणालय में नितिन नवीन ने विधिवत अपना नामांकन दाखिल किया, जहां माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया।

नामांकन के बाद स्काउट एंड गाइड मैदान में जब नितिन नवीन मंच पर पहुंचे, तो जनता का सैलाब उमड़ पड़ा। जोश से भरे कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के नारे लगाए।

अपने संबोधन में नितिन नवीन ने भावुक होकर कहा — “बांकीपुर की जनता ने मुझे उंगली पकड़कर चलना सिखाया है। आज जो कुछ भी हूं, वो सिर्फ और सिर्फ इस क्षेत्र की जनता के प्यार और सम्मान की बदौलत हूं। यहां नितिन नवीन नहीं, भाजपा खड़ी है। भाजपा है, तो नितिन नवीन है।”

उन्होंने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा — “वो जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बांकीपुर की जनता समझदार है। वह सिर्फ विकास की राजनीति को वोट देगी। हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को और आगे ले जाना है।”

इस मौके पर पटना के सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा — “नितिन नवीन ने हमेशा बांकीपुर के विकास को प्राथमिकता दी है। उन्हें ऐतिहासिक मतों से जीत दिलाना हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है।”

कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन ने हजारों समर्थकों के साथ स्काउट एंड गाइड मैदान से स्टेशन रोड स्थित महावीर मंदिर तक पदयात्रा की। पूरे रास्ते “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के नारों से माहौल गूंज उठा। बांकीपुर सड़कों से लेकर आसमान तक सिर्फ एक ही आवाज़ सुनाई दी — “भाजपा है, तो नितिन नवीन है!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *