‘वेद नहीं पढ़े तो बच्चे जावेद और नावेद बनेंगे…’, धीरेंद्र शास्त्री का बयान, बागेश्वर धाम में खुलेगा गुरुकुल

अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक बार फिर हिंदुत्व और सनातन परंपरा को लेकर बड़ा बयान दिया है। जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जो लोग वेद नहीं पढ़ेंगे, उनके बच्चे भविष्य में जावेद और नावेद बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों की सांस्कृतिक पहचान बचाने के लिए वेदों की शिक्षा बेहद जरूरी है और इसी उद्देश्य से देशभर में गुरुकुल स्थापित किए जाएंगे।

धीरेंद्र शास्त्री ने घोषणा की कि बागेश्वर धाम में जल्द ही गुरुकुल की स्थापना की जाएगी, जहां बच्चों को वैदिक शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भोजन एक दिन तक साथ देता है, पानी एक घंटे तक टिकता है, लेकिन विद्या जीवन भर साथ निभाती है, इसलिए वेदों की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए गुरुकुल खोलना आवश्यक है।

आधुनिक तकनीक के माध्यम से वैदिक परंपरा को जीवित रखने के लिए धीरेंद्र शास्त्री ने एक विशेष अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 4 जनवरी को करीब तीन लाख लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से एक साथ हवन किया था और अब 12 फरवरी की रात 9 बजे दोबारा सामूहिक ऑनलाइन हवन का आयोजन किया जाएगा। जिन घरों में ब्राह्मण नहीं पहुंच पाते या जहां संसाधन सीमित हैं, वहां ऑनलाइन मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ यज्ञ संपन्न कराया जाएगा, ताकि घर-घर यज्ञ की परंपरा को फिर से जीवित किया जा सके।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनका लक्ष्य देश को दोबारा वेद और यज्ञ के गौरवशाली युग की ओर ले जाना है। समाज को जागृत करने और युवा पीढ़ी में सांस्कृतिक गर्व पैदा करने के लिए वेदों की शिक्षा हर घर तक पहुंचानी होगी।

इसके साथ ही बाबा बागेश्वर ने इस साल होने वाले कन्या विवाह महोत्सव को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार बेटियों के विवाह उत्सव के साथ संतों का विशेष समागम होगा। यह आयोजन तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें 13 फरवरी को मंडप और हल्दी, 14 फरवरी को संगीत और मेहंदी और 15 फरवरी को 300 बेटियों का सामूहिक कन्यादान किया जाएगा। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जिन बेटियों के माता-पिता नहीं हैं, उनका विवाह बागेश्वर धाम करवा रहा है, ताकि उन्हें धर्म के रूप में माता-पिता का सहारा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *