हम बदलेंगे तो सब बदलेगा… नए साल पर अखिलेश यादव का संदेश, बोले– नया संकल्प ही नया कल लाता है

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रदेशवासियों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि यह नया साल नए संकल्पों और नई जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हम इस नव वर्ष को हर उस ‘पीडीए प्रहरी’ को समर्पित कर रहे हैं, जो स्वतंत्र भारत में लोकतंत्र-सेनानी बनकर संविधान प्रदत्त अधिकारों और आरक्षण की रक्षा के लिए समर्पित और संकल्पित हैं। आइए, नए रण के लिए नए प्रण लें, क्योंकि नया संकल्प ही नया कल लाता है।

अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि नए साल का नया सवेरा आशाओं का नया बसेरा लेकर आया है। हम बदलेंगे तो सब बदलेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों को नव वर्ष की बधाई देते हुए प्रेम, दया और अपनेपन से भरे सकारात्मक और स्नेहपूर्ण वातावरण के विस्तार की कामना की और कहा कि आज से नई जिम्मेदारी और नए संकल्पों की तैयारी का समय है।

उन्होंने आगे कहा कि यह नव वर्ष उन सभी पीडीए प्रहरियों को समर्पित है, जो हर पीड़ित, दुखी और अपमानित के साथ खड़े होकर महिलाओं, युवाओं, बच्चों और समाज के हर वर्ग की स्वतंत्रता, समानता, मानवीय गरिमा और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय के राज को स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है और हर पीडीए प्रहरी के योगदान को सम्मान देते हुए उसे इतिहास के अविस्मरणीय अध्याय में जोड़ा जाएगा। अंत में उन्होंने संदेश दिया कि सबकी समता और सबका सम्मान ही हमारा संकल्प है, जय मानवता और जय संविधान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *