नर्मदापुरम में भीषण सड़क हादसा, IIIT नागपुर के छात्र की मौत, चार गंभीर घायल

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। पिपरिया-छिंदवाड़ा स्टेट हाईवे पर मटकुली के पास छात्रों से भरी एक बलेनो कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान नागपुर के छात्र नयन मंडल की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा मटकुली से करीब एक किलोमीटर आगे छिंदवाड़ा रोड पर हुआ बताया जा रहा है।

हादसे में कार चालक अनय गौर सहित सुमेद शबाने, अनुज सिंह और सुमेद भामरे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल पिपरिया अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार एक छात्र की हालत अत्यंत गंभीर होने पर उसे नर्मदापुरम रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि सभी छात्र महाराष्ट्र के नांदेड़, मुंबई, नासिक और इंदौर के रहने वाले हैं और वर्तमान में संस्थान के हॉस्टल में रह रहे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और छात्र समुदाय में गहरा सदमा देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *