प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर अवैध वसूली, पैसे नहीं दिए तो फेल करने की धमकी

इछावर। मध्य प्रदेश के इछावर स्थित कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर विद्यार्थियों से अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि हाई और हायर सेकेंडरी के परीक्षार्थियों से हर प्रैक्टिकल पेपर के लिए 50 रुपये की मांग की गई।

आरोप है कि यदि छात्र-छात्राएं पैसे नहीं देते तो उन्हें कम नंबर देने या फेल कर देने की धमकी दी जाती है। विद्यार्थियों का कहना है कि प्रैक्टिकल में अच्छे अंक दिलाने के नाम पर दबाव बनाया जा रहा है, जिससे वे मानसिक तनाव में हैं।

यह पूरा मामला सीहोर जिले के जनपद शिक्षा केंद्र के अंतर्गत आने वाले इस स्कूल का बताया जा रहा है। हालांकि जब इस संबंध में स्कूल के केंद्र अध्यक्ष मनोहर लाल गोफनिया से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने किसी भी तरह की टिप्पणी करने से परहेज किया।

अब सवाल यह उठता है कि शिक्षा के मंदिर में अगर इस तरह की वसूली होगी तो विद्यार्थियों का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा, और क्या जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस मामले में कोई सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *