संभल. सदर तहसील के सलेमपुर सालार गांव हाजीपुर में सरकारी जमीन पर बनी अवैध मस्जिद को रविवार को पूरी तरह हटा दिया गया। करीब 25 साल से अवैध कब्जे में बनी मदीना मस्जिद और मदरसे के सभी अवशेषों को जिला प्रशासन ने कब्जा मुक्त करा लिया है। इस जमीन को अब 20 निर्धन परिवारों को आवंटित कर दिया गया है।
गरीबों के लिए आरक्षित थी जमीन, अब पीएम आवास योजना के तहत बनेंगे घर
अधिकारियों के अनुसार यह जमीन शुरू से ही गरीब और निर्धन परिवारों के लिए आरक्षित थी, लेकिन पिछले कई दशकों से इस पर अवैध कब्जा किया गया था। प्रशासन की कार्रवाई के बाद जमीन को वास्तविक हकदारों को सौंप दिया गया है और जल्द ही यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों का निर्माण किया जाएगा।
बुलडोजर की चेतावनी से पहले ही खुद हटाया गया ढांचा
शनिवार को हाजीपुर इलाके में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जब अवैध मस्जिद को स्थानीय लोग खुद हथौड़ों से तोड़ते नजर आए। दरअसल प्रशासन ने 4 जनवरी को बुलडोजर चलाने का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन कार्रवाई से पहले ही मुस्लिम समुदाय के लोगों ने खुद आगे बढ़कर ढांचे को हटाना शुरू कर दिया।
प्रशासन ने कहा, खुद हटाना सकारात्मक कदम
इस पूरे मामले पर तहसीलदार ने बताया कि तय तारीख को बुलडोजर की कार्रवाई होनी थी, लेकिन यदि लोग स्वयं अवैध कब्जा हटा रहे हैं तो यह एक सकारात्मक पहल है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब जमीन पूरी तरह खाली हो चुकी है और जरूरतमंद परिवारों के लिए नए घर बनने का रास्ता साफ हो गया है।

