GDA की जमीन पर अवैध कब्जा, करोड़ों की प्लॉटिंग का खुलासा, दो FIR दर्ज

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में GDA की जमीन पर अवैध कब्जा कर करोड़ों की प्लॉटिंग करने का बड़ा मामला सामने आया है, जहां सहकारी समितियों ने नियमों को ताक पर रखकर सरकारी जमीन को ही बेचने का खेल खेला।

शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए महाराजपुरा और बहोड़ापुर थाने में दो अलग-अलग FIR दर्ज कर जांच तेज कर दी है, मामला लंबे समय से जांच में था और अब ठोस सबूत मिलने के बाद कार्रवाई शुरू हुई है।

दरअसल GDA द्वारा शहर के अलग-अलग पॉश इलाकों में कॉलोनियां विकसित की गई थीं और इन कॉलोनियों में सहकारी समितियों को प्लॉट आवंटित किए गए थे, लेकिन आरोप है कि समितियों से जुड़े लोगों ने इसके अलावा बची हुई खाली जमीन पर भी कब्जा कर लिया और वहां अवैध रूप से प्लॉट काटकर बेच दिए।

जांच में सामने आया कि महाराजपुरा थाना क्षेत्र में इवा सहकारी समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र भारद्वाज और पुनीत शर्मा पर धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं, वहीं बहोड़ापुर क्षेत्र में गणेश सहकारी समिति के संतोष शर्मा पर भी इसी तरह बिना अनुमति जमीन पर प्लॉटिंग करने का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच में दोनों ही मामलों में गड़बड़ी और धोखाधड़ी की पुष्टि होने के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध प्लॉटिंग के पीछे जुड़े अन्य लोगों की भी भूमिका सामने लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *