डकैती की बड़ी वारदात, बंदूक से लैस बदमाशों ने किसान दंपति को बनाया बंधक और लाखों के जेवरात लेकर फरार

शहडोल। जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद होते जा रहे हैं कि बुढार थाना क्षेत्र के ग्राम धनगांव में लूट और डकैती की तर्ज पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, देर रात हथियारों से लैस पांच से अधिक बदमाशों ने एक किसान परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी लूट ली और बेखौफ होकर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक किसान ओमप्रकाश केवट के घर बदमाशों ने देर रात धावा बोला, सभी आरोपी बंदूक और चाकू से लैस थे, घर में घुसते ही उन्होंने ओमप्रकाश और उनकी पत्नी को हथियारों की नोक पर कब्जे में ले लिया और फिर दोनों के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए गए और मुंह पर टेप चिपका दिया गया ताकि वे किसी तरह का शोर न मचा सकें, इसके बाद करीब आधे घंटे तक बदमाश घर के भीतर आतंक मचाते रहे, अलमारियों और संदूकों को खंगालते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेट ली और वारदात को अंजाम देने के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

बदमाशों के जाने के बाद किसान दंपति ने बड़ी मुश्किल से खुद को बंधन से मुक्त किया और तत्काल बुढार थाने को सूचना दी, खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, एक ओर पुलिस पर हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं तो दूसरी ओर बंधक बनाकर लूट जैसी वारदातें बढ़ती जा रही हैं, ग्रामीणों का कहना है कि अब बदमाशों के मन से पुलिस का खौफ खत्म होता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *