अशोक नगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मदरसे के लिए चंदा देने से इनकार करना एक युवक को भारी पड़ गया. आरोप है कि अपने ही समुदाय के कुछ युवकों ने मोहम्मद जावेद की सरेआम बेरहमी से पिटाई कर दी, गाली-गलौज की, दाढ़ी नोच ली और खुलेआम धमकी दी कि तेरी इतनी औकात नहीं कि तू शिकायत करेगा. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पीड़ित मोहम्मद जावेद ने बताया कि उससे मदरसे के लिए 20 हजार रुपये चंदा मांगा गया था, लेकिन जब उसने रुपए देने से मना कर दिया और SDM व जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर दी, तो आरोपियों ने दबंगई दिखानी शुरू कर दी. पीड़ित का कहना है कि 5 दिसंबर को आकिब मौलाना, जाबिर हाफिज, इसरार मुल्ला, सहीद पोस्ती और माहिर टुनटुनी ने उसे धमकी दी थी कि तुमने हमारे मदरसे की शिकायत की है, एक दिन बीच चौराहे पर ऐसी पिटाई करवाएंगे कि जीने लायक नहीं बचोगे.
मोहम्मद जावेद के मुताबिक 12 दिसंबर दोपहर करीब 3 बजे वह चंदेरी के नए बस स्टैंड पर खड़ा था, तभी फरदीन खान, जुनैद खान और अनस मुखिया वहां पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने कहा कि तूने अराफात वेलफेयर सोसायटी मदरसे की शिकायत की है और अब 20 हजार रुपये चंदा देना पड़ेगा. जब जावेद ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने गालियां देना शुरू कर दिया और थप्पड़ मारने लगे, जिससे उसके माथे और होंठ पर चोट आई. पीड़ित का आरोप है कि जुनैद ने उसकी दाढ़ी पकड़कर खींची, जबकि अनस मुखिया ने मोबाइल से मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
इस मामले में पीड़ित की शिकायत के आधार पर चंदेरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कर ली है. पुलिस ने आठ से ज्यादा आरोपियों के नाम मामले में शामिल किए हैं और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

