लखनऊ. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रेसवार्ता में गोसेवा को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारे घर में 45 गाय हैं और उनकी सेवा हम लोग करते हैं, आज भी हमारे यहां जो पहली रोटी बनती है वह सीधे गाय को जाती है, लेकिन बीजेपी में किसी की भी रोटी गाय को नहीं जाती, मैंने तो आज तक जाते हुए नहीं देखी।
इसके बाद अखिलेश यादव ने इंजीनियर की मौत के मामले को लेकर सरकार और सिस्टम पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी सिस्टम की नहीं, बल्कि उसकी थी जो सबसे पहले मौके पर पहुंचा, चाहे वह पुलिस हो या फायर ब्रिगेड। डायल 100 का काम था पांच मिनट में पहुंचना, लेकिन मुख्यमंत्री ने डायल 100 को बर्बाद कर दिया और करप्शन पर चढ़ा दिया, इसी वजह से एक जान चली गई। अगर उस इंजीनियर की मौत हुई है तो इसके लिए मुख्यमंत्री और सरकार जिम्मेदार हैं।
अखिलेश ने कहा कि अब ये लोग नोएडा के सीईओ को हटाने की बात कर रहे हैं, अरे हटाना था तो पुलिस को हटाते जिसकी सबसे पहले जिम्मेदारी थी। क्या आप पुलिस के सबसे बड़े अधिकारी को नोएडा से हटा सकते हैं, क्या डीएम को हटा पाओगे। इंजीनियर बेचारा मौके पर खड़ा रहा, चिल्लाता रहा, पिता को फोन किया और सोचिए उसके पिता पर क्या बीती होगी, जब फोन आया कि बेटा जिंदा है और फिर बचाया नहीं जा सका।
उन्होंने आगे कहा कि मौत के बाद उस पर शराब पीने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं, यह बीजेपी का बहुत खराब चरित्र है। अखिलेश यादव ने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि गोमती जितनी गंदी है, उतनी ही बीजेपी गंदी है।

