छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण कराने के प्रयास का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया और थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और हंगामा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठनों का आरोप है कि लोगों को पैसे और नौकरी का लालच देकर उनकी आस्था बदलने का प्रयास किया जा रहा था।
मामला छिंदवाड़ा की धर्मटेकरी चौकी क्षेत्र का है, जहां कमलेश कवरेती ने लिखित आवेदन देकर बताया कि ग्राम खापाभाट में धर्मांतरण कराया जा रहा है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और सत्य नारायण ठाकुर, राजेश दाढे और आराधना बावने को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3 और 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पूछताछ के बाद आरोपियों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। चौकी प्रभारी अविनाश पारधी ने बताया कि 7 दिसंबर को प्राप्त आवेदन की तस्दीक के बाद यह कार्रवाई की गई और फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

