खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोरी हैं, जिसमें गांव की महिलाएं अवैध शराब बनाने और बेचने वाले एक युवक को चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाती नजर आ रही हैं और उसके खिलाफ जुलूस निकालते हुए अपना आक्रोश जाहिर कर रही हैं।
यह मामला पंधाना थाना क्षेत्र के बिहार गांव का बताया जा रहा है, जहां लंबे समय से गांव में शराब पीने और बेचने की गतिविधियों से महिलाएं परेशान थीं, महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कई बार जनसुनवाई में अवैध शराब के खिलाफ शिकायतें कीं लेकिन आबकारी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद मजबूरी में उन्हें खुद ही आगे आकर मोर्चा संभालना पड़ा।
बताया जा रहा है कि गांव का ही एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब तैयार कर बेच रहा था, जैसे ही इसकी भनक महिलाओं को लगी तो उन्होंने उसे पकड़ लिया, पहले चप्पलों की माला पहनाई और फिर पूरे गांव में घुमाते हुए जुलूस निकाला, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सामने आ चुका है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

