सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र में कालापीपल जागीर से लसूडिया कांगर तक बन रही सड़क में डामर की जगह काले तेल का इस्तेमाल, ग्रामीणों ने मौके पर पकड़कर किया बड़ा खुलासा

इछावर। सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र में कालापीपल जागीर से लसूडिया कांगर तक बनाई जा रही करीब 4 किलोमीटर लंबी सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही इस सड़क में गुणवत्ता को पूरी तरह नजरअंदाज कर ठेकेदार द्वारा डामर की जगह काले तेल का इस्तेमाल किया जा रहा है। जब ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया, तब इस पूरे खेल का पर्दाफाश हुआ।

सड़क निर्माण में हो रही इस धांधली को देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारी आपस में मिलीभगत कर सरकारी पैसों का खुला दुरुपयोग कर रहे हैं। घटिया सामग्री से बनाई जा रही सड़क के विरोध में ग्रामीणों ने एकजुट होकर सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत भी दर्ज कराई है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के नाम पर हो रहे इस फर्जीवाड़े ने पूरे इलाके में नाराजगी पैदा कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह सड़क बनने से पहले ही उखड़ जाएगी और जनता के पैसे पर फिर से पानी फिर जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *